तेलंगाना में विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार अभियान जोरों पर

तेलंगाना में विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार अभियान जोरों पर

तेलंगाना में विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार अभियान चरम पर है। इसके साथ ही होम वोटिंग भी तेजी से चल रही है। चुनाव प्रचार के लिए एक सप्ताह से भी कम समय बचा हुआ है, प्रमुख राजनीतिक दलों के शीर्ष नेताओं ने आज विभिन्न निर्वाचन क्षेत्रों में चुनाव प्रचार किया।

भारतीय जनता पार्टी अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने संगारेड्डी में मतदाताओं से योग्‍य उम्मीदवारों को चुनकर राज्य की नियति और परिदृश्य को बदलने की अपील की। एक जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि अगर प्रदेश कांग्रेस या बीआरएस को वोट दिया जाता है तो भ्रष्टाचार और पारिवारिक शासन की गारंटी होगी।

हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने हैदराबाद में एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी द्वारा दी गई गारंटी लागू नहीं की जाएगी। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस पार्टी ने पिछले चुनाव के दौरान हिमाचल प्रदेश में 10 गारंटी दी थी और सत्ता में आने के एक साल बाद भी अभी तक एक भी गारंटी ठीक से लागू नहीं की गई है।

तेलंगाना भाजपा अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री जी. किशन रेड्डी ने साफ किया कि भारतीय जनता पार्टी चुनाव में पहले स्थान के लिए लड़ रही है। हैदराबाद में एक कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि भाजपा किसी भी हालत में एमआईएम से हाथ नहीं मिलाएगी। उन्होंने आज सिकंदराबाद में भाजपा विधायक उम्मीदवार सारंगपानी द्वारा आयोजित एक रोड शो में भाग लिया।

भारत राष्‍ट्र समिति प्रमुख के. चन्द्रशेखर राव ने आरोप लगाया कि भाजपा देश में माहौल खराब कर रही है। महेश्वरम में एक चुनावी रैली में उन्होंने कहा कि अगर कांग्रेस सत्ता में आई तो तेलंगाना के विकास के लिए पिछले 10 वर्षों में किए गए प्रयास व्यर्थ हो जाएंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की कोई भी कल्याणकारी योजना जनता तक नहीं पहुंच पायेगी और अगर बीआरएस फिर से सत्ता में आती है तो सरकार अल्पसंख्यक युवाओं के लिए महेश्वरम के पास एक विशेष सूचना प्रौद्योगिकी पार्क स्थापित करेगी।

जन सेना प्रमुख पवन कल्याण ने कोठागुडेम में एक चुनावी रैली में कहा कि हैदराबाद को छोड़कर राज्य में कोई विकास नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि जमीन की कीमतें केवल हैदराबाद में बढ़ी हैं, अन्य जिलों में नहीं। उन्होंने बीआरएस सरकार पर बटाईदार किसानों की अनदेखी करने का भी आरोप लगाया।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष रेवंत रेड्डी ने मतदाताओं से वर्तमान चुनावों को बहुत गंभीर मानने और तेलंगाना में तानाशाही और पारिवारिक शासन के खिलाफ मतदान करने को कहा। डुबक और जम्मीकुंटा में चुनावी सभाओं को संबोधित करते हुए उन्होंने मतदाताओं से तेलंगाना में बदलाव के लिए कांग्रेस को एक मौका देने की अपील की।

Related posts

Leave a Comment