तेलंगाना में मंत्रियों को विभागों का बटवारा कर दिया गया है। मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने आज राज्यपाल डॉक्टर तमिलसाई सुंदरराजन को मंत्रियों के नामों की सूची भेजी। इस सूची को गजट में भी अधिसूचित कर दिया गया है।
मुख्यमंत्री ने नगरपालिका प्रशासन, शहरी विकास और सामान्य प्रशासन अपने पास रखा है। वह अन्य सभी अनावंटित विभागों की भी जिम्मेदारी संभालेंगे। उपमुख्यमंत्री मल्लू भट्टी विक्रमार्क को वित्त, योजना और ऊर्जा मंत्रालय सौपा गया है। उत्तम कुमार रेड्डी को सिंचाई, खाद्य और नागरिक आपूर्ति विभाग दिया गया है। डी राजा नरसिम्हा को स्वास्थ्य, चिकित्सा और परिवार कल्याण, विज्ञान और प्रौद्योगिकी का प्रभार मिला है। के वेंकट रेड्डी सड़क और भवन, सिनेमैटोग्राफी संभालेंगे। श्रीधर बाबू सूचना प्रौद्योगिकी, इलेक्ट्रॉनिक्स और संचार, उद्योग और वाणिज्य तथा विधायी कार्य मंत्रालय का काम देखेंगे। पी श्रीनिवास रेड्डी को राजस्व, आवास और सूचना तथा जनसंपर्क मंत्रालय मिला है। पी प्रभाकर परिवहन और पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग संभालेंगे। डी अनुसूइया सीताक्का पंचायत राज, ग्रामीण विकास तथा महिला और बाल कल्याण मंत्री हैं। टी नागेश्वर राव को कृषि, विपणन, सहयोग और हथकरघा तथा कपड़ा विभाग आवंटित किया गया है जबकि जे कृष्णा राव निषेध और उत्पाद शुल्क, पर्यटन और संस्कृति तथा पुरातत्व मंत्री होंगे।