तेलंगाना के कई भागों में बहुत भारी वर्षा हो रही है। मुलुगू जिला के अधिकारियों, पुलिस और वन के अधिकारियों सहित राष्ट्रीय आपदा मोचन बल- एनडीआरएफ की टीमों ने जंगल के बीच मुत्याला धारा झरने के निकट जल प्रवाह में फंसे लगभग 160 पर्यटकों को निकाला। राज्य के पर्यटन मंत्री श्रीनिवास गौड ने बताया कि आज सुबह करीब 4 बजे पर्यटकों को निकालकर उनके स्थानों पर भेज दिया गया है। ये पर्यटक जंगल में झरने को देखने गये थे। श्रीनिवास गौड ने लोगों और पर्यटकों से खराब मौसम के दौरान झरने के पास नहीं जाने का आग्रह किया है।
इस बीच राजमार्ग पर 15 फीट ऊंचे जल प्रवाह के कारण भूपालपल्ली और परकल के मध्य राजमार्ग पर वाहनों का आवागमन बाधित हुआ है।
कृष्णा और गोदावरी नदियों पर चल रही कई परियोजनाओं में जल स्तर खतरे के निशान के करीब पहुंच गया है। अधिकारी भारी जल प्रवाह को छोडने के लिए सभी द्वार खोल रहे हैं। स्थानीय अधिकारियों ने क्षेत्र के आस-पास के निवासियों के लिए बाढ का अलर्ट जारी किया है। एहतियात के रूप में कई जिलों से हजारों लोगों को निकालकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया जा रहा है।