तेलंगाना और महाराष्‍ट्र के कई हिस्‍सों में लगातार वर्षा जारी

तेलंगाना और महाराष्‍ट्र के कई हिस्‍सों में लगातार वर्षा जारी

तेलंगाना में राजधानी हैदराबाद सहित कई हिस्‍सों में लगातार बारिश जारी है। दक्षिण पश्चिम मॉनसून के सक्रिय होने और हवा के दबाव से पिछले कुछ दिनों से राज्‍य में बारिश हो रही है।

इसके अलावा बंगाल की खाडी में कम दबाव का क्षेत्र बन गया था। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों में राज्‍य में विषेषकर उत्‍तरी और दक्षिणी जिलों में कुछ स्‍थानों पर अत्‍यधिक तेज वर्षा का रेडअलर्ट जारी किया है। अन्‍य जिलों के लिए ओरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

महाराष्‍ट्र में मूसलाधार वर्षा से सेंट्रल और कोंकण रेलवे पर यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ है। सेंट्रल रेलवे की लम्‍बी दूरी की लगभग सभी रेलगाडियां या तो रद्द कर दी गई हैं, कम दूरी पर समाप्‍त कर दी गई है या उनके मार्ग बदल दिए गए हैं। कोंकण रेलवे ने चिपलूण और काम्‍थे के बीच यातायात रोक दिया है, हालांकि पश्चिमी रेलवे पर यातायात सामान्‍य रूप से चल रहा है।

कोंकण में विभिन्‍न नदियों का जलस्‍तर खतरे के निशान से ऊपर है जिस कारण मुम्‍बई-गोवा राजमार्ग भी यातायात के लिए बंद कर दिया गया है। मुम्‍बई में सीएसएमटी-अम्‍बरनाथ, सीएसएमटी-तितवाला और अन्‍य मार्गों पर उपनगरीय रेलसेवाएं सामान्‍य रूप से चल रही हैं।

कसारा, करजात और लोनावाला में कल रात लगभग 130 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई। सेंट्रल रेलवे ने बताया है कि कुछ स्‍थानों पर रेलवे ट्रैक पर पानी भर गया है, पत्‍थर गिर गए हैं और कीचड जमा हो गया है। बोल्‍डर्स विशेष रेलगाडियां क्षतिग्रस्‍त स्‍थानों पर काम कर रही हैं और जल्‍द से जल्‍द इसकी बहाली के लिए उच्‍चस्‍तर पर निगरानी की जा रही है। पुणे, इगतपुरी, भूसावल और मनमाड में लगभग 25 ट्रेनें रद्द कर दी गई हैं, 19 के मार्ग बदले गए हैं और 32 ट्रेनों को कम दूरी पर रोक दिया गया है।

सेंट्रल रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी शिवाजी सुतार ने बताया है कि इन मार्गों पर रेल सेवा शुरू करने में चार से पांच घंटे का समय लगेगा। कल्‍याण, कसारा और इगतपुरी में विभिन्‍न हेल्‍प डेस्‍क बनाए गए हैं तथा इगतपुरी और कसारा में बसों का प्रबंध किया जा रहा है।

इस बीच, मौसम विभाग ने महाराष्ट्र के रायगढ़, रत्नागिरी, सिंधुदुर्ग, पुणे, कोल्हापुर और सतारा जिले में आज के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में तेज बारिश की संभावना है।

मुंबई, ठाणे, पालघर, नासिक, औरंगाबाद, जालना, परभणी, हिंगोली, नांदेड़, लातूर, चंद्रपुर, गढ़चिरौली और वर्धा जिले में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में छिटपुट स्थानों पर मूसलाधार वर्षा हो सकती है।

Related posts

Leave a Comment