तोटोक्यो पैरालंपिक में आज नौवें दिन भारतीय खिलाड़ी निशानेबाजी, बैडमिंटन, केनौय स्प्रिंट, ताइक्वांडो और शॉटपुट स्पर्धाओं में अपना दमखम दिखा रहे हैं। निशानेबाजी में राहुल जाखड़ को 25 मीटर रेंज के फाइनल में पांचवें स्थान से संतोष करना पड़ा।
बैडमिंटन के महिला सिंगल्स में पलक कोहली ने टर्की की ज़ेहरा बैगलार को 2-0 से हराया। वहीं पारुल दलसुखभाई परमार को चीन की हेफांग चेंग से हार का सामना करना पड़ा।
पुरुष सिंगल्स के ग्रुप ए में सुहास एल. यथिराज ने जर्मनी के जेन पॉट को 2-0 से करारी शिकस्त दी। वहीं ग्रुप बी में तरुण ने थाइलैंड के सिरीपॉन्ग टीमारॉम को 2-0 से मात दी। एक अन्य मुकाबले में ग्रुप बी में ही कृष्णा नागर ने मलेशिया के दिदिन तारेसोह को 2-0 से हराया।
केनौय स्प्रिंट हीट स्पर्धा में प्राची यादव ने सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया है। ताइक्वांडो में अरुणा को क्वार्टर फाइनल में हार का सामना करना पड़ा। पुरुषों के शॅट पुट के फाइनल में आज शाम अरविन्द अपना दमखम दिखाएंगे।
पदक तालिका में भारत दो स्वर्ण, पांच रजत और तीन कांस्य सहित कुल दस पदकों के साथ 36वें स्थान पर है। चीन पहले, ब्रिटेन दूसरे और रूस पैरालंपिक कमेटी-आर.पी.सी. तीसरे स्थान पर है।