जम्मू कश्मीर के जम्मू संभाग के डोडा जिले में आज सवेरे बटोट-किश्तवाड राजमार्ग पर एक बस के गहरी खाई में गिर जाने से दस यात्रियों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गये हैं। घटनास्थल पर स्थानीय लोगों ने पुलिस और सेना के साथ मिलकर बचाव कार्य शुरू कर दिया। दस शव मिले हैं 13 घायलों को डोडा के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। प्रधानमंत्री कार्यालय में केन्द्रीय राजयमंत्री डॉक्टर जितेन्द्र सिंह ने कहा है कि स्थानीय प्रशासन द्वारा सभी सुविधाएं उपलब्ध कराई जायेंगी। उन्होंने इस घटना में मारे गये लोगों के परिजनों के प्रति सम्वेदना व्यक्त की है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सडक दुर्घटना में मारे गये लोगों के प्रति दुख व्यक्त किया है। प्रधानमंत्री मोदी ने प्रधानमंत्री राष्ट्रीय सहायता कोष से मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रूपये और घायलों को पचास-पचास हजार रूपये देने की घोषणा की है।