छत्तीसगढ़ में विधानसभा चुनाव के पहले चरण में 20 निर्वाचन क्षेत्रों में मतदान जारी है। इनमें से अधिकांश माओवाद प्रभावित क्षेत्र हैं। इन विधानसभा क्षेत्रों में शांतिपूर्ण, स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव कराने के लिए सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए गए हैं।
संवेदनशील इलाकों में केंद्रीय सषस्त्र बलों के साथ ही डिस्ट्रिक्ट रिजर्व गार्ड, स्पेशल टास्क फोर्स और बस्तर फाइटर्स की टुकड़ियां तैनात की गई हैं। इसके अलावा तेलंगाना, आंध्रप्रदेश, महाराष्ट्र और ओडिशा राज्यों के सीमावर्ती इलाकों में विशेष निगरानी रखी जा रही है। बस्तर संभाग के करीब 600 संवेदनशील मतदान केन्द्रों में तीन स्तर का सुरक्षा घेरा बनाया गया है। वहीं, 156 अति-संवेदनशील मतदान केन्द्रों में पोलिंग पार्टियों को हेलीकॉप्टरों के माध्यम से पहुंचाया गया है। बस्तर संभाग में हर जिले में कम से कम 5 ऐसे मतदान केन्द्र हैं, जहां महिला कमांडो को तैनात किया गया है। माओवादियों की गतिविधियों पर निगरानी रखने के लिए ड्रोन और हेलीकॉप्टरां की मदद ली जा रही है।
नारायणपुर से भाजपा उम्मीदवार केदार कश्यप ने अपना मतदान किया
नारायणपुर से भाजपा उम्मीदवार केदार कश्यप ने अपना मतदान किया। नारायणपुर से भाजपा उम्मीदवार केदार कश्यप ने कहा, “प्रदेश के 20 विधानसभा में लोकतंत्र का महापर्व चल रहा है और लगातार सुबह से मतदाताओं की भीड़ साबित करती है छत्तीसगढ़ से कांग्रेस की सरकार को हटाना है। जिन उद्देश्यों के साथ छत्तीसगढ़ को बनाया गया था, उन उद्देश्यों की पूर्ति नहीं हो पा रही है। कांग्रेस ने लगातार भ्रष्टाचार किया है।”