गुजराती नववर्ष यानी बेस्तु वर्ष आज हर्षोल्लास से मनाया जा रहा है। पूरे विश्व में गुजराती समुदाय पारम्परिक आस्था और उत्साह से नववर्ष मना रहे हैं। गुजराती नववर्ष- विक्रम संवत 2079 की आज से शुरुआत हो रही है।
गुजरात में नया साल जिसे बेसतू वर्ष के नाम से जाना जाता है, यह पांच दिवसीय दिवाली समारोह के हिस्से के रूप में मनाया जाता है। लोग अपने नए साल की शुरुआत सुबह मंदिरों में जाकर करते हैं। घरों को आसोपालो तोरण और गेंदे के फूलों से सजाया जाता है और प्रवेश द्वार पर आकर्षक रंगोली बनाकर लोग नए साल पर मेहमानों का स्वागत करते है। नए साल की बधाई देने के लिए रिश्तेदार और दोस्त नए कपड़े परिधान कर के एक-दूसरे के घर जाते हैं। लोग पारंपरिक दावतों का आनंद लेते हैं। राज्य में बाजार और दुकानें ज्यादातर पांच दिनों के लिए बंद रहते हैं।