गुजरात विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के प्रचार का आज अंतिम दिन

गुजरात विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के प्रचार का आज अंतिम दिन

गुजरात विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के लिए प्रचार आज शाम समाप्‍त हो जाएगा। इस चरण में राज्‍य के 14 जिलों की 93 सीटों पर सोमवार को वोट डाले जाएंगे।

गुजरात के दूसरे और अंतिम चरण के चुनाव में लगभग ढाई करोड़ मतदाता 833 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला करने वाले हैं। भारतीय जनता पार्टी और आम आदमी पार्टी ने सभी 93 सीटों पर अपने प्रत्याशी उतारे हैं। वहीं कांग्रेस ने 90 सीटों पर उम्मीदवार खड़े किए हैं और बाकी सीटों पर राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के उम्मीदवार हैं। इस चरण में 69 महिला प्रत्याशी भी हैं और 285 निर्दलीय उम्मीदवार भी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी के कई प्रमुख उम्मीदवार मैदान में हैं जिनमें स्वयं मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल, वरिष्ठ मंत्री ऋषिकेश पटेल, हार्दिक पटेल और अल्पेश ठाकुर शामिल हैं। वहीं, कांग्रेस प्रत्याशियों की बात करें तो विपक्ष के नेता सुखराम राठवा और जिग्नेश मेवानी मुकाबले में हैं, तो दूसरी ओर आम आदमी पार्टी के नेता भरत सिंह वाखला और भीमा भाई चौधरी भी राजनीतिक संग्राम में उतरे हैं।

उत्‍तर प्रदेश के मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ, केन्‍द्रीय मंत्री स्‍मृति ईरानी और पुरुषोत्‍तम रुपाला सहित भारतीय जनता पार्टी के कई नेता आज रैली और रोड-शो करेंगे। आम आदमी पार्टी के नेता और पंजाब के मुख्‍यमंत्री भगवंत मान, सांसद संजय सिंह और कांग्रेस की ओर से प्रदेश अध्‍यक्ष जगदीश ठाकोर, सांसद शक्ति सिंह गोहिल कई स्‍थानों पर प्रचार करेंगे।

Related posts

Leave a Comment