गुजरात में पिछले 24 घंटे के दौरान जूनागढ, जामनगर, कच्छ, वलसाड, तापी और नवसारी सहित कई जिलों में मूसलाधार वर्षा हुई है। मौसम विभाग ने राज्य में कल तक भारी वर्षा का अनुमान व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री भूपेन्द्र पटेल ने कल रात गांधीनगर में राज्य आपदा संचालन केंद्र का दौरा किया और वर्षा प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति की समीक्षा की।
जूनागढ़, जामनगर, मोरबी, कच्छ, सूरत, अहमदाबाद और तापी जिलों में कई स्थानों पर पानी भरने के और स्थानिक बाढ़ के कारण सामान्य जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया था। भारी वर्षा के कारण राज्य में कई स्थानों पर बिजली आपूर्ति और सड़क आवागमन भी प्रभावित हुआ है। जूनागढ़ का विसावदर सबसे अधिक प्रभावित शहर रहा, जहां पिछले 24 घंटो में 13 इंच वर्षा दर्ज हुई है। भारी वर्षा से प्रभावित जिलों में बचाव और राहत कार्यों के लिए एनडीआरएफ की चार टीमों को तैनात किया गया है।