क्रिकेट विश्व कप: भारत की लगातार चौथी जीत, बांग्लादेश को 7 विकेट से हराया

क्रिकेट विश्व कप: भारत की लगातार चौथी जीत, बांग्लादेश को 7 विकेट से हराया

आईसीसी क्रिकेट विश्व कप में भारत ने कल रात पुणे में बांग्लादेश को 7 विकेट से हराकर लगातार चौथी जीत हासिल की। बांग्लादेश ने भारत के सामने जीत के लिए 257 रनों का लक्ष्य रखा था, जिसे उसने 41 ओवर और 3 गेंदों में ही हासिल कर लिया। भारत की ओर से विराट कोहली ने 97 गेंदों में नाबाद 103 रन बनाए। इस तरह कोहली, सचिन तेंदुलकर का रिकॉर्ड तोड़कर अंतर्राष्‍ट्रीय मैचों में 26 हजार रनों के साथ सबसे तेज गति से रन बनाने वाले खिलाड़ी बन गए हैं। शुभमन गिल ने 53 रन और कप्तान रोहित शर्मा ने 48 रन बनाए।

इससे पहले बांग्‍लादेश ने पहले बल्‍लेबाजी करते हुए निर्धारित 50 ओवर में 8 विकेट खोकर 256 रन बनाए। बांग्लादेश की तरफ से लिटोन दास ने सबसे ज्यादा 66 रन बनाए। भारत के लिए जसप्रीत बुमराह, मोहम्‍मद सिराज और रविन्‍द्र जडेजा ने दो-दो विकेट लिए। विराट कोहली को प्‍लेयर ऑफ द मैच घोषित किया गया।

प्रधानमंत्री ने बांग्लादेश के खिलाफ भारतीय क्रिकेट टीम की शानदार जीत पर बधाई दी

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पुरुष क्रिकेट विश्व कप में बांग्लादेश के खिलाफ शानदार जीत के लिए भारतीय क्रिकेट टीम की प्रशंसा की है। प्रधानमंत्री ने एक्स पर अपनी एक पोस्ट में कहा: “एक बार फिर से शानदार खेल प्रदर्शन!

बांग्लादेश के खिलाफ शानदार जीत से हमें अपनी क्रिकेट टीम पर गर्व है। विश्व कप के दौरान हमारी टीम शानदार फॉर्म में है। अगले मैच के लिए शुभकामनाएं।”

Related posts

Leave a Comment