केंद्रीय कृषि मंत्री अर्जुन मुंडा ने कहा है कि सरकार, प्रदर्शनकारी किसानों के साथ बातचीत करने के लिए तैयार

केंद्रीय कृषि मंत्री अर्जुन मुंडा ने कहा है कि सरकार, प्रदर्शनकारी किसानों के साथ बातचीत करने के लिए तैयार है। नई दिल्ली में आज अर्जुन मुंडा ने किसान संघ से चर्चा का माहौल बनाये रखने और सहयोग करने को कहा, जिससे आम लोगों को परेशानी न हो। उन्होंने किसान संघ से सार्वजनिक जीवन में बाधा उत्पन्न न करने का आग्रह किया। उन्‍होंने कहा कि इससे मामला जटिल हो जाएगा। कृषि मंत्री ने किसानों को प्रशासनिक प्रकृति के सभी कार्यों को तेजी से पूरा करने का आश्‍वासन दिया। उन्होंने कहा कि नए कानून बनाने के लिए कई बातों पर विचार करना होगा।

अर्जुन मुंडा ने कहा कि सरकार किसान संगठनों से बातचीत कर उनकी मांगों का संभावित समाधान निकालना चाहती है।

किसानों के विरोध प्रदर्शन के कारण होने वाली यातायात समस्‍या को देखते हुए, दिल्ली यातायात पुलिस ने आज परामर्श जारी किया है। इसके अनुसार राष्‍ट्रीय राजमार्ग संख्‍या-44 पर सिंघू बॉर्डर यातायात के लिए प्रतिबंधित है। हरियाणा, पंजाब और हिमाचल प्रदेश के लिए अंतरराज्यीय बसों और वाणिज्यिक वाहनों के लिए बाहरी रिंग रोड पर मार्ग बदलने के लिए कहा गया है। आजादपुर मंडी से संजय गांधी ट्रांसपोर्ट नगर जाने वाले ट्रकों को आजादपुर मंडी से मार्ग बदलने की सलाह दी गई है। मुकरबा चौक से केवल दिल्‍ली परिवहन निगम की बसों, कारों और चार पहिया वाहनों को नरेला और सफियाबाद सीमा की ओर जाने की अनुमति है।

Related posts

Leave a Comment