केंद्र ने सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से आग्रह किया है कि आउटडोर सट्टेबाजी और जुए जैसे प्लेटफॉर्म के प्रचार पर नियंत्रण के लिए उचित कदम उठाएं। सूचना और प्रसारण मंत्रालय के सचिव अपूर्व चन्द्र ने राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के मुख्य सचिवों को लिखे पत्र में कहा है कि देश के सभी हिस्सों में सट्टबाजी और जुआ अवैध माने जाते हैं। इसमें वित्तीय और सामाजिक, आर्थिक जोखिम होते हैं विशेषकर बच्चों, युवा और उपभोक्ताओं को आर्थिक नुकसान होता है।
अपूर्व चन्द्र ने कहा कि ऑनलाइन सट्टेबाजी वेबसाइट और प्लेटफॉर्म पर मोटे तौर पर प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया पर नियंत्रण कर लिया गया है लेकिन अब यह पता चला है कि सट्टेबाजी और जुए जैसे काम आउटडोर मीडिया के जरिए किए जा रहे हैं। सूचना और प्रसारण सचिव ने कहा कि ऐसे तत्व होर्डिंग, पोस्टर, बैनर और ऑटो रिक्शा पर अपने वेबसाइट और ऐप का प्रचार कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रचार प्रथम दृष्ट्या भ्रामक होते हैं और उपभोक्ता संरक्षण अधिनियम के अनुरूप नहीं होते।