उत्तरी कोसोवो में हुई झड़प में उत्तरी अटलांटिक संधि संगठन नाटो के नेतृत्व वाली शांति सेना के कम से कम 25 जवान घायल हो गए। इस क्षेत्र में तीन नगर भवनों की सुरक्षा के दौरान सर्ब आंदोलनकारियों के साथ यह झड़प हुई थी। सर्बिया के राष्ट्रपति अलेक्सांदर वुसिक ने कहा है कि संघर्ष के दौरान 52 सर्ब नागरिक घायल हो गए, जिनमें तीन की स्थिति गंभीर है। उन्होंने सेना को उच्चतम स्तर पर सतर्क रहने को कहा है।
कोसोवो में उत्तरी अटलांटिक संधि संगठन नाटो के नेतृत्व वाली शांति सेना ने सोमवार को हुई हिंसा की निंदा की है। यह हिंसा सर्ब बहुल जिले में जातीय अल्बानियाई महापौर के चुने जाने के बाद भड़की। सर्ब लोगों ने चुनाव का बहिष्कार कर दिया था।