उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के पहले चरण में सुबह 11 बजे तक 20.03% मतदान हुआ। उत्तर प्रदेश में आज विधानसभा चुनाव के पहले चरण का मतदान हो रहा है। इस चरण में ग्यारह जिलों की 58 सीटों पर वोट डाले जा रहे हैं। 73 महिलाओं समेत 623 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। लगभग दो करोड़ 28 लाख मतदाता वोट डाल सकेंगे। मतदान आज सवेरे सात बजे शुरू हुआ और शाम छह बजे तक चलेगा। उत्तर प्रदेश में सात चरणों में चुनाव होने हैं।
निर्वाचन आयोग ने स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी और कोविड से सुरक्षित मतदान के व्यापक प्रबंध किए हैं। निर्वाचन आयोग ने मतदान केन्द्रों पर कोविड से सुरक्षा के एहतियाती प्रबंध किए हैं। मतदान कर्मियों को मॉस्क, दस्ताने, फेस शील्ड, साबुन और तापमान जांचने के उपकरण दिए गए हैं। इन उपकरणों की किट प्रत्येक मतदान केन्द्र पर उपलब्ध होगी।
आज मतदान का अंतिम घंटा कोविड रोगियों के लिए आरक्षित रखा गया है। मतदान के समय में भी एक घंटे की बढोत्तरी की गई है। कोविड से सुरक्षित चुनाव सुनिश्चित कराने के लिए एक मतदान केन्द्र पर अधिकतम एक हजार 250 मतदाताओं को ही वोट डालने दिया जाएगा। आयोग ने इस चरण के मतदान के लिए लगभग 26 हजार मतदान केन्द्र बनाए हैं।
आज के चरण में जिन प्रमुख उम्मीदवारों के भाग्य का निर्णय होना है, उनमें श्रीकांत शर्मा, सुरेश राणा, कपिल देव अग्रवाल और अतुल गर्ग शामिल हैं। चुनाव लड़ने वाले अन्य उम्मीदवारों में समाजवादी पार्टी के नेता नाहिद हसन, शाहिद मंजूर, सतवीर त्यागी, अहमद हामिद और रफीक अंसारी, बसपा नेता के. के. शुक्ला और कांग्रेस नेता अर्चना गौतम और अवनीश काजला शामिल हैं।