इस्राइल ने हमास के साथ जारी युद्ध में घनी आबादी वाली गाजा पट्टी पर हवाई हमले तेज कर दिये हैं। इस्राइली सेना ने सम्भावित जमीनी हमलों के लिए भी तैयारी कर ली है। इस्राइल ने तीन लाख अतिरिक्त सैनिकों को भी बुला लिया है। शनिवार रात फिलिस्तीनी गुट के बंदूकधारियों के अचानक हमले के बाद इस्राइल ने हमास को नेस्तानाबूद करने का संकल्प लिया है।
यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सूला वॉन डेर लेयेन आज इस्राइल का दौरा करेंगी। अमरीका के विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन ने अपने देश का समर्थन व्यक्त करने के लिये कल इस्राईल का दौरा किया। उन्होंने इस्राइल के राष्ट्रपति इजाक हरजोग और प्रधानमंत्री बेन्यामिन नेतन्याहू से तल अवीव में मुलाकात की। अमरीकी विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन, फिलिस्तीनी राष्ट्रपति महमूद अब्बास से भी मिलेंगे।
इस बीच, प्रधानमंत्री नेतन्याहू ने युद्ध प्रबंधन से संबंधित नए मंत्रिमंडल का गठन किया है। इसमें, प्रधानमंत्री नेतन्याहू, रक्षा मंत्री योआव गैलेंट और विपक्ष के वरिष्ठ सांसद तथा पूर्व रक्षा मंत्री को शामिल किया गया है। यह नया मंत्रिमंडल युद्धकाल के दौरान देशवासियों का मनोबल बढाएगा।