राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजित डोभाल ने आतंकवादी गतिविधियों और आतंकी गुटों पर अंकुश लगाने के लिए अफगानिस्तान की क्षमता को बढाने की जरूरत पर बल दिया है। उन्होंने कहा कि हम सभी को जीने के अधिकार और सम्मानजनक जीवन के साथ ही मानवता की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देनी चाहिए। अजित डोभाल ने आज दुशाम्बे में ताजिकिस्तान, कजाकिस्तान, उज्बेकिस्तान, किर्गिस्तान, ईरान, रूस और चीन के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकारों के साथ हुई बैठक के दौरान ये बात कही।
अजित डोभाल ने अफगानिस्तान में महिलाओं और अल्पसंख्यकों सहित समाज के सभी वर्गों की भागीदारी की जरूरत पर बल देते हुए कहा कि ऐसा करने से देश के निर्माण में सभी वर्गों का प्रतिनिधित्व सुनिश्चित हो सकेगा।
सुरक्षा सलाहकार ने दिल्ली घोषणा को आगे बढाते हुए अफगानिस्तान और इस क्षेत्र में स्थिति पर विचार-विमर्श किया। बैठक में इस बात पर भी चर्चा की गई कि अफगानिस्तान में शांति और स्थिरता को सुनिश्चित बनाने के लिए सकारात्मक पहल करने की जरूरत है। बैठक से इतर अजित डोभाल ने ईरान, ताजिकिस्तान, रूस और अन्य देशों के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार के साथ भी मुलाकात की।