आज का अखबार हिंदी 28 दिसंबर 2023: आज की ताजा खबर न्यूज़ पेपर

आज का अखबार हिंदी 28 दिसंबर 2023: आज की ताजा खबर न्यूज़ पेपर

साल खत्‍म होते-होते उत्‍तर पश्चिम भारत में मौसम के बर्फीली करवट लेने का समाचार सभी अखबारों ने अपने पहले पन्‍ने पर प्रकाशित किया है। हिन्‍दुस्‍तान की सुर्खी है- सफेद आफत का रेड अलर्ट, साठ से अधिक ट्रेनें प्रभावित, 24 उड़ानों का समय बदला। जनसत्‍ता लिखता है- उत्‍तर भारत में कोहरा, पंजाब और हरियाणा में कई शहरों में दृश्‍यता शून्‍य, दिल्‍ली में लाल चेतावनी।

नया साल देश के बेरोजगारों के लिए नई उम्‍मीद लेकर आएगा। यह खबर राजस्‍थान पत्रिका ने आकड़ों के साथ प्रकाशित की है। पत्र लिखता है- नए साल में नौकरियों की बहार, 19 फीसदी वृद्धि का अनुमान।

सेंसेक्‍स 72 हजार के पार निफ्टी भी नए शिखर पर, दैनिक जागरण की सुर्खी है। नवभारत टाइम्‍स लिखता है- शेयर बाजार में सैंटा रैली, बना नया ऑल टाइम हाई।

विकसित भारत संकल्‍प यात्रा ने पचास से कम दिनों में लाखों गांवों तक पहुंचकर बनाया रिकॉर्ड, लोगों में बढ़ रहा है विश्‍वास हरिभूमि की सुर्खी है। पंजाब केसरी ने प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी के वक्‍तव्‍य को प्रकाशित किया है- स्‍वयं सहायता समूहों की महिलाओं को लखपति बनाना मेरा सपना।

रामलला के स्‍वागत में सड़कों को रात में रोशन करेंगे चालीस सूर्य स्‍तंभ अमर उजाला की सुर्खी है। देशबंधु लिखता है- भक्ति के रंग में रंगी अयोध्‍या को मंदिर में रामलला के दर्शन का इंतजार।

राजधानी में कोरोना वायरस का नया वेरियंट मिलने के बाद डॉक्‍टरों ने भीड़ वाले इलाकों से बचने और मास्‍क लगाने की सलाह दी हिन्‍दुस्‍तान की खबर है, पत्र लिखता है- सावधानी से दे सकते हैं कोरोना संक्रमण को मात। दैनिक भास्‍कर की सुर्खी है- दिल्‍ली में कोरोना के जेएन-1 वेरियंट का पहला मरीज मिला।

देश के 90 लाख लोगों को आनुवांशिक बीमारियों का खतरा, जीनोम विज्ञान के सहारे वैज्ञानिकों ने स्‍वस्‍थ लोगों में भविष्‍य की बीमारी का लगाया पता, अमर उजाला की खबर है।

Related posts

Leave a Comment