मुकाम तक पहुंचने के लिए मुश्किलों से कडा मुकाबला, सुरंग में परेशानी का सबब बने सरिया, गार्डर और पाइप को काटने में विशेषज्ञों को करनी पडी लंबी मशक्कत, हिन्दुस्तान की खबर है। राजस्थान पत्रिका लिखता है – सुरंग में अटके 41 मजदूरों के लिए लंबा हुआ नई सुबह का इंतजार, ड्रिलिंग के रास्ते में बाधाएं, बार-बार रोकना पड रहा काम। हरि भूमि के शब्द हैं – वहां रात जैसे रूक गई थी, अब जिंदगी का उजाला बस होने को है। रिवाज बदलेगा या राज, फैसला आज। राजस्थान विधानसभा चुनाव में लगातार तीसरी बार दो सौ में से 199 सीटों पर हो रहा है मतदान, दैनिक जागरण की खबर है।
दिल्ली-एनसीआर के आसमान पर धुंध की मोटी परत छाने से परेशानी, नवम्बर में नौंवी बार वायु गुणवत्ता गंभीर श्रेणी में, हिन्दुस्तान की सुर्खी है। राष्ट्रीय सहारा लिखता है – पांच से छह दिनों तक प्रदूषण का स्तर बहुत खराब से गंभीर श्रेणियों में रहने का अनुमान। चीन के एवियन इन्फ्लुएंजा से भारत को खतरा कम जनसत्ता की सुर्खी है, हिन्दुस्तान लिखता है – चीन में फैल रही रहस्यमयी बीमारी पर भारत सतर्क। दिल्ली में पूरी तरह बंद हुआ अफगानिस्तान का दूतावास, नवभारत टाइम्स सहित सभी अखबारों की सुर्खी है।
दुर्लभ रोगों की आठ दवाएं सौ गुना तक होंगी सस्ती, हिन्दुस्तान ने यह खबर प्रथम पृष्ठ पर प्रकाशित की है। अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेले में पहुंचे अस्सी हजार से ज्यादा लोग अधिकतर अखबारों की खबर है। अमर उजाला लिखता है – सीजन की सबसे ज्यादा भीड, अगले तीन दिन रहेगा अवकाश। दैनिक ट्रिब्यून की सुर्खी है – मेले में दिख रही हरियाणा के कलाकारों की प्रतिभा, प्लास्टिक से हो रहे नुकसान और पर्यावरण को बचाने का पेंटिंग से दे रहे संदेश। सर्दी की रंगत शुरू, राजस्थान समेत कई राज्यों में पारा सामान्य से नीचे लुढका, राजस्थान पत्रिका की सुर्खी है। पत्र लिखता है कल से 28 तक मैदान में बारिश, पहाडों पर बर्फबारी के आसार।