असम में बाढ़ की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। भारी वर्षा तथा भूटान के कुरीचू बांध से पानी छोड़े जाने के कारण बोंगईगांव, विश्वनाथ, चिरांग, धेमाजी और लखीमपुर क्षेत्र सबसे अधिक प्रभावित हुए हैं। असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अनुसार पिछले 24 घंटों में प्रभावित लोगों की संख्या में कुछ कमी आई है, जबकि बाढ़ प्रभावित जिलों की संख्या तीन से बढ़कर पांच हो गई है।
कोकराझार और चिरांग जिलों में अगले 24 घंटों में भारी वर्षा की आशंका को देखते हुए रेड अलर्ट जारी किया गया है। अगले दो दिनों में राज्य के अन्य पश्चिमी जिलों में भी भारी वर्षा की संभावना है। ब्रह्मपुत्र और उसकी सहायक नदियों में भी जलस्तर बढ़ रहा है। भूटान के कुरीचू बांध से कल पानी छोड़े जाने के कारण बोंगईगांव और चिरांग जिले में अचानक बाढ़ आ गई, जिससे दोनों जिलों में सड़कों, पुलों और घरों को नुकसान पहुंचा है। भूटान इस बांध से कल भी पानी छोड़ेगा। जिला प्रशासन ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत केंद्र स्थापित किए हैं।