असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने आज वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से राज्य में बाढ़ की स्थिति पर मंत्रिमंडल के सहयोगियों, वरिष्ठ अधिकारियों और उपायुक्तों के साथ बातचीत की। मुख्यमंत्री ने उपायुक्तों को बाढ़ प्रभावित लोगों के लिए हर संभव राहत उपाय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। हिमंत बिस्वा सरमा ने राहत शिविरों और अन्य प्रभावित स्थानों पर अनिवार्य रूप से शिशु आहार उपलब्ध कराने के लिए भी कहा। हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा कि सरकार आवश्यक होने पर खाद्य पदार्थों को एयरड्रॉप करने के बारे में भी विचार कर रही है।
हमारे संवाददाता ने बताया है कि 33 जिलों में 42 लाख से अधिक लोग बाढ़ से प्रभावित हैं। लगभग एक लाख 86 हजार लोगों ने अस्थायी राहत शिविरों में शरण ली है। सेना, राष्ट्रीय और राज्य आपदा मोचन बल को बचाव और राहत कार्यों में लगाया गया है। जलस्तर बढ़ने से सड़कों और पुलों सहित बुनियादी ढांचे को भारी नुकसान हुआ है।