अफगानिस्‍तान में फंसे 110 लोगों को लेकर एक विशेष विमान काबुल से दिल्‍ली पहुंचा

अफगानिस्‍तान में फंसे 110 लोगों को लेकर एक विशेष विमान आज काबुल से दिल्‍ली हवाई अड्डे पहुंचा। इसमें श्री गुरूग्रंथ साहिब और हिन्‍दू धर्मग्रंथ भी भारत लाए गए हैं। भारत पहुंचे इन लोगों में भारतीय नागरिकों सहित वहां फंसे हिन्‍दू तथा सिख समुदाय के अफगान नागरिक हैं।

अफगानिस्‍तान के ऐतिहासिक गुरूद्वारों से तीन गुरूग्रंथ साहिब और रामायण, महाभारत तथा गीता सहित प्राचीन हिंदू धर्मग्रंथ भी भारत लाए गए हैं। गुरूग्रंथ साहिब जी को महावीर नगर के गुरू गुरूद्वारा अर्जुनदेवजी में और हिन्‍दू धार्मिक ग्रंथों को फरीदाबाद के असमई मंदिर में रखा जाएगा।

ऑपरेशन देवी शक्ति के अंतर्गत अफगानिस्‍तान की एयर लाइन्‍स कैम एयर का विशेष विमान आज काबुल से नई दिल्‍ली पहुंचा। विदेश मंत्रालय के अनुसार इसमें अफगान हिन्‍दु-सिख अल्‍पसंख्‍यक समुदाय सहित 10 भारतीयों और 94 अफगान लोग लाए गए। नौ बच्‍चों जिनमें तीन शिशु शामिल हैं उन्‍हें भी लाया गया है।

इंडियन वर्ल्‍ड फोरम ने इस सुचारू और सु‍रक्षित यात्रा के लिए प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी को धन्‍यवाद दिया है। सिख प्रतिनिधिमण्‍डल ने भी भारत सरकार की मदद से अपने घर लौटने पर प्रसन्‍नता व्‍यक्‍त की है। अब तक अफगानिस्‍तान से 565 से अधिक भारतीय नागरिक निकाले जा चुके हैं।

Related posts

Leave a Comment