Categories: News-Headlines

आज के अखबारों की सुर्खियां 8 अगस्त 2021

तोक्यो ओलिंपिक में अपने ऐतिहासिक प्रदर्शन से देशवासियों के मन-मस्तिष्क पर छाए नीरज चोपड़ा के बड़े-बड़े चित्र और सुर्खियों के साथ ही जीत के जश्न में झूमे देश की खबरें सभी अखबारों में छाई हुई हैं। राष्ट्रीय सहारा ने पहले पूरे पन्ने पर नीरज के चित्र के साथ लिखा है- जय हो गोल्डन ब्वॉय नीरज चोपड़ा। जनसत्ता ने बड़े अक्षरों में लिखा है- 100 साल के सब्र का फल सोना। अमर उजाला ने तिरंगे को हाथ में पकड़े हुए मुस्कराते नीरज के चित्र के साथ लिखा है- भारत के भाल पर स्वर्ण तिलक, सातवें आसमान पर खुशियां। हिंदु्स्तान के शब्द हैं- स्वर्णिम शनिवार, तोक्यो के 16वें दिन जन-गण-मन बजा और 12 साल का स्वर्ण सूखा खुशी के आंसुओं पर संपन्न हुआ। पत्र लिखता है- नीरज तुम पर नाज़ है। दैनिक भास्कर- अगस्त में खेलक्रांति शीर्षक से लिखता है- भारत मां का स्वर्ण श्रृंगार। पत्र ने नीरज से की बातचीत पर लिखा है- नीरज ने कहा- रात को जब सोया तो मन में यही ख्याल था कि कल राष्ट्रगान गूंजना चाहिए। हरिभूमि लिखता है- नीरज ने कहा- यह गर्व का क्षण है, मैं यह पदक महान खिलाड़ी मिल्खा सिंह को समर्पित करता हूं। दैनिक जागरण लिखता है- मिल्खा सिंह भी नीरज पर गर्व कर रहे होंगे। अखबारों ने इस सफलता के लिए नीरज के त्याग और संघर्ष को भी महत्व दिया है।

बजरंग पूनिया के शानदार प्रदर्शन, अदिति अशोक के भरपूर प्रयास के बाद मामूली अंतर से चूकना और ओलिंपिक में अन्य खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर भी सभी अखबारों की नजर है। नवभारत टाइम्स ने लिखा है- अदिति हार कर भी गोल्फ को जिता गई।

अखबारों ने कोरोना के खिलाफ लड़ाई में जॉनसन एंड जॉनसन के एक खुराक वाले टीके को मंजूरी के साथ ही भारत के पास एक और टीका उपलब्ध होने की खबर भी विस्तार से दी है।

नवभारत टाइम्स की खबर है- आयकर देने वाले अब ईमेल के जरिए अपील से जुड़ी शिकायत कर सकेंगे। इसके लिए आयकर विभाग ने तीन ईमेल आईडी की सुविधा शुरू की है।

लोकसत्य ने लिखा है- करदाताओं को रिफंड से मिली बड़ी राहत, आयकर विभाग ने अप्रैल से अगस्त तक की रिफंड राशि जारी की।

पाकिस्तान के पंजाब प्रांत के सुदूरवर्ती कस्बे के प्राचीन गणेश मंदिर पर हमला करने के आरोप में 50 से अधिक लोगों की गिरफ्तारी की खबर कुछ अखबारों ने मुखपृष्ठ पर दी है। जनसत्ता लिखता है- भारत सरकार ने नई दिल्ली स्थित पाकिस्तान के उच्चायोग के प्रभारी को तलब कर आपत्ति दर्ज कराई थी।

राजस्थान पत्रिका की खबर है- लगातार बारिश से देश के नौ बांध हुए गुलजार, पानी लबालब। कुछ राज्यों में बाढ़ से सामान्य जन प्रभावित। मॉनसून की बारिश से गंगा, सुवर्ण रेखा, गोदावरी, कृष्णा औरो महानदी में पानी का प्रवाह बेहतर है।

कुछ अखबारों में स्वतंत्रता दिवस से पहले श्रीनगर का लालचौक तिरंगे जैसी रोशनी से जगमगाते हुए चित्र दिए हैं।

Khushi Bhargav

I am Khushi Bhargav a passionate Content Writer at Vikral News, who loves to share informative and engaging content on Trending News, Lifestyle, Entertainment, Current Affairs, and Viral Stories.

Leave a Comment

Recent Posts

गाजियाबाद पुलिस ने सूर्या हत्याकांड के मुख्य आरोपी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी एनकाउंटर के दौरान मारा गया।

 सूर्या मर्डर केस का मुख्य आरोपी एनकाउंटर में ढेर, गाजियाबाद पुलिस की बड़ी कार्रवाई गाजियाबाद… Read More

17 minutes ago

This website uses cookies.