राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (NIA) ने अमेरिका के सेन फ्रांसिस्कों में भारत के महावाणिज्य दूतावास पर हुए हमले की जांच के सिलसिले में आज पंजाब और हरियाणा में अनेक स्थानों पर छापे मारे। एनआईए ने बताया कि ये छापे इस साल 19 मार्च और 2 जुलाई को हुए हमलों की साजिश उजागर करने के लिए मारे गये। भारतीय महावाणिज्य दूतावास पर हुए हमलों में जबरदस्ती घुसपैठ, तोडफोड, सार्वजनिक संपत्ति का नुकसान और दूतावास के कर्मचारियों को चोट पहुंचाने तथा आगजनी की गतिविधियां शामिल थीं।
एनआईए हमलावरों की पहचान कर उनके विरूद्ध कानूनी कार्रवाई करने के इरादे से इन हमलों की जांच कर रहा है ताकि भारत विरोधी तत्वों को कड़ा संदेश दिया जा सके। जांच के लिए एनआईए का एक दल इस साल अगस्त में सेनफ्रांसिस्को गया था। जांच एजेंसी ने इन घटनाओं में शामिल व्यक्तियों की पहचान और उनके बारे सूचना लेने के लिए अमरीकी नागरिकों से भी जानकारी मांगी थी। एनआईए बार-बार हुए हमलों के पीछे की साजिश में शामिल कुछ व्यक्तियों की पहचान कर चुका है। हमलावरों में भारतीय और विदेशी दोनों नागरिक शामिल है।
एनआईए ने आज जिन जगहों पर छापा मारा उनमें पंजाब के मोगा, जालंधर, लुधियाना, गुरदासपुर, मोहाली और पटियाला जिले शामिल हैं। हरियाणा में कुरुक्षेत्र और यमुनानगर जिलों में छापे मारे गए। इन छापों के दौरान आरोपियों से जुड़ी डिजिटल सूचना और अन्य कई आपत्तिजनक दस्तावेज बरामद हुए।