प्रधानमंत्री ने अनेक ट्वीट में कहा है, ‘मेरी संवेदनाएं ओडिशा के लोगों के साथ हैं क्योंकि राज्य ने चक्रवाती तूफान ‘अम्फान’ के प्रतिकूल प्रभावों का सामना बड़ी बहादुरी से किया है। प्रभावित लोगों को हरसंभव सहायता सुनिश्चित करने के लिए अधिकारीगण जमीनी स्तर के कार्यों में पूरी तरह से जुटे हुए हैं। मैं मंगल-कामना करता हूं कि स्थिति जल्द से जल्द सामान्य हो जाए।
एनडीआरएफ की टीमें चक्रवाती तूफान प्रभावित इलाकों में काम कर रही हैं। शीर्ष अधिकारी स्थिति पर करीबी नजर रख रहे हैं और इसके साथ ही पश्चिम बंगाल की सरकार के साथ भी मिलकर काम कर रहे हैं।
प्रभावित लोगों की मदद करने में कोई भी कसर नहीं छोड़ी जाएगी।
मैं चक्रवाती तूफान ‘अम्फान’ द्वारा पश्चिम बंगाल में मचाई गई तबाही के दृश्य देखता रहा हूं। इस चुनौतीपूर्ण समय में पूरा देश पश्चिम बंगाल के साथ एकजुटता से खड़ा है। राज्य के लोगों की अच्छी सेहत एवं खुशहाली की मंगल-कामना करता हूं। सामान्य स्थिति बहाल करने के प्रयास निरंतर जारी हैं।
प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी चक्रवात अम्फन के कारण पैदा हालात का जायजा लेने के लिए पश्चिम बंगाल और ओडिशा का दौरा करेंगे।
एक ट्वीट में प्रधानमंत्री कार्यालय ने कहा, “कल प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी चक्रवात अम्फन के चलते पैदा हालात का जायजा लेने के लिए पश्चिम बंगाल और ओडिशा का दौरा करेंगे। वह हवाई सर्वेक्षण करेंगे और समीक्षा बैठकों में भाग लेंगे, जिसमें राहत और पुनर्वास से जुड़े पहलुओं पर विचार किया जाएगा।”
चक्रवाती तूफान ‘अम्फान’ ने आज बंगाल की खाड़ी में ‘सुपर चक्रवाती तूफान’ का अत्यंत उग्र रूप ले लिया है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने सुपर चक्रवाती तूफान ‘अम्फान’ से उत्पन्न स्थिति से निपटने के लिए संबंधित राज्यों और केंद्रीय मंत्रालयों/एजेंसियों की तैयारियों की गहन समीक्षा की। केंद्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह के साथ-साथ भारत सरकार के वरिष्ठ अधिकारीगण और आईएमडी, एनडीएमए एवं एनडीआरएफ के अधिकारीगण भी इस अवसर पर उपस्थित थे।
भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने सूचित किया है कि इस ‘सुपर चक्रवाती तूफान’ के 20 मई, 2020 की दोपहर में एक बेहद उग्र चक्रवाती तूफान के रूप में 195 किलोमीटर प्रति घंटे तक हवा की काफी तेज रफ्तार के साथ पश्चिम बंगाल तट से टकराने की प्रबल संभावना है। इस वजह से राज्य के तटीय जिलों में तेज से लेकर अत्यंत तेज वर्षा होगी।
इस चक्रवाती तूफान से पश्चिम बंगाल में पूर्व मेदिनीपुर, दक्षिण एवं उत्तर 24 परगना, हावड़ा, हुगली और कोलकाता जिलों के सबसे अधिक प्रभावित होने की आशंका है। यही नहीं, इस तूफान से उत्तरी ओडिशा के तटीय जिलों जैसे कि जगतसिंहपुर, केंद्रपाड़ा, भद्रक और बालासोर के भी प्रभावित होने की आशंका है।
आईएमडी ने आगाह करते हुए कहा है कि अत्यंत उग्र ज्वार के ऊपर लगभग 4-5 मीटर की ऊंचाई पर तूफान आने का अंदेशा है, जो पश्चिम बंगाल के दक्षिण और उत्तर 24 परगना के निचले तटीय इलाकों में बाढ़ लाएगा। इसी तरह तटीय इलाकों से तूफान के टकराने के समय पश्चिम बंगाल के पूर्व मेदिनीपुर जिले में भी 3-4 मीटर की ऊंचाई पर यह कहर ढाएगा। इस चक्रवाती तूफान से पश्चिम बंगाल के तटीय जिलों में भारी क्षति होने का अंदेशा है।
प्रधानमंत्री ने निर्देश दिया है कि चक्रवाती तूफान के मार्ग में पड़ने वाले इलाकों में रहने वाले लोगों को सुरक्षित निकालने और आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति को पर्याप्त मात्रा में बनाए रखने के लिए सभी जरूरी उपाय किए जाएं।
सभी संबंधित प्राधिकारियों को यह सलाह दी गई है कि वे आवश्यक सेवाओं जैसे कि बिजली, टेलीफोन को नुकसान पहुंचने की स्थिति में उनका रखरखाव सुनिश्चित करने के लिए पर्याप्त तैयारी करें और इसके साथ ही समय पर अपनी तैयारियों की अच्छी तरह से समीक्षा करें तथा किसी भी व्यवधान की स्थिति में आवश्यक सेवाओं की त्वरित बहाली सुनिश्चित करें।
भारतीय तटरक्षक बल और नौसेना ने राहत एवं बचाव कार्यों के लिए कई जहाज और हेलिकॉप्टर तैनात कर दिए हैं। इन राज्यों में सेना और वायु सेना की इकाइयों को भी आपात व्यवस्था के तौर पर रखा गया है।
एनडीआरएफ ने ओडिशा और पश्चिम बंगाल में 25 टीमों को तैनात किया है। इसके अतिरिक्त 12 टीमों को आपात व्यवस्था के तौर पर रखा गया है। ये टीमें आवश्यक सामग्री जैसे कि नाव, पेड़ काटने वाले औजार, दूरसंचार उपकरण, इत्यादि से लैस हैं।
आईएमडी सभी संबंधित राज्यों को नवीनतम पूर्वानुमान के साथ नियमित तौर पर बुलेटिन जारी करता रहा है। गृह मंत्रालय भी राज्य सरकार के साथ निरंतर संपर्क बनाए हुए है।
PIB
राधा मंदिर तनौरा नूरपुर आगरा का एक प्रमुख धार्मिक स्थल है, जो भगवान कृष्ण और… Read More
सियासी गलियारों में फिर चर्चा में मीनाक्षी नटराजन कांग्रेस की वरिष्ठ नेता Meenakshi Natarajan एक… Read More
करोड़ों की चोरी से मचा हड़कंप एक बड़े चोरी के मामले ने लोगों को हैरान… Read More
वैभव सूर्यवंशी के डेब्यू को लेकर तेज हुई बहस भारतीय क्रिकेट के उभरते सितारे वैभव… Read More
Bangladesh vs Australia सीरीज को लेकर बढ़ा उत्साह Bangladesh vs Australia मुकाबले को लेकर क्रिकेट… Read More
प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना क्या है? प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना (PMUY) भारत सरकार की एक महत्वपूर्ण सामाजिक… Read More
This website uses cookies.
Leave a Comment