सीबीआई ने पश्चिम बंगाल और सिक्किम में पासपोर्ट बनाने के एक बडे रैकेट का भंडाफोड कर गंगटोक में पासपोर्ट सेवा लघु केंद्र के एक वरिष्ठ अधीक्षक और एक निजी व्यक्ति को कथित रूप से एक लाख नब्बे हजार रुपये रिश्वत लेने के मामले में गिरफ्तार किया है।
एक सरकारी विज्ञप्ति में सीबीआई ने कहा है कि इस मामले में चौबीस अभियुक्तों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। इनमें कोलकाता के उप-पासपोर्ट अधिकारी, गंगटोक में पासपोर्ट सेवा लघु केंद्र के वरिष्ठ अधीक्षक और अन्य सरकारी कर्मचारियों तथा निजी लोग शामिल हैं।
दोषी कर्मचारी और निजी व्यक्ति भारत में रह रहे विदेशियों के आवेदन पत्रों के आधार पर पासपोर्ट जारी करते थे।
जांच के दौरान इन सरकारी कर्मचारियों के पास से लगभग तीन लाख रुपये भी बरामद किए गए हैं।
इस मामले में कोलकाता, गंगटोक, सिलिगुडी, दार्जिलिंग और अलीपुर द्ववार स्थित लगभग पचास स्थानों पर छापे मारे गए हैं। इन छापों में बडी संख्या में आपत्तिजनक दस्तावेज भी बरामद किए गए हैं।