Categories: News-Headlines

विदेशी स्वास्थ्य अधिकारियों ने भारत की स्वास्थ्य देखभाल अवसंरचना और स्वास्थ्य पेशेवरों की सराहना की

जी20 के सह-कार्यक्रम, ‘वन अर्थ, वन हेल्थ: एडवांटेज हेल्थकेयर इंडिया 2023’ के प्रतिनिधियों ने भारत की गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य देखभाल अवसंरचना तथा मानव संसाधन की सराहना की और देश में निजी अस्पतालों के साथ घनिष्ठ सहयोग के लिए समझौते किये। इन समझौतों में क्लिनिक सहयोग, नैदानिक अनुसंधान, क्षमता निर्माण, भारत आने से जुड़ी चिकित्सा यात्रा, नर्सिंग विशेषज्ञता विकसित करने में मदद, शिक्षण और अन्य शामिल हैं।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 26 अप्रैल, 2023 को एक वीडियो संदेश के माध्यम से ‘वन अर्थ, वन हेल्थ: एडवांटेज हेल्थकेयर इंडिया 2023’ शिखर सम्मेलन का उद्घाटन किया था। प्रधानमंत्री ने समग्र स्वास्थ्य सेवा में भारत की ताकत पर प्रकाश डाला और कहा कि “हमारे पास प्रतिभा, प्रौद्योगिकी, ट्रैक रिकॉर्ड और परंपरा है।” उन्होंने आगे कहा कि योग और ध्यान जैसे अभ्यासों के साथ निवारक और प्रोत्साहन प्रदान करने वाले स्वास्थ्य से जुड़ी भारत की परंपरा अब वैश्विक अभियान बन रही है। उन्होंने जोर देते हुए कहा, “दुनिया तनाव और जीवन शैली की बीमारियों के समाधान की तलाश कर रही है। भारत की पारंपरिक स्वास्थ्य सेवा प्रणाली में इसके बहुत सारे उपाय मौजूद हैं।“

हाल के वर्षों में, भारत विश्वस्तरीय स्वास्थ्य सेवा और कल्याण सेवाओं के लिए एक किफायती गंतव्य स्थल के रूप में उभरा है, जिससे देश मेडिकल यात्रा का एक प्रमुख केंद्र बन गया है। शिखर सम्मेलन ने चिकित्सा क्षमता में भारत के महत्व पर प्रकाश डाला और भाग लेने वाले देशों के बीच स्वास्थ्य देखभाल सहयोग के अवसर प्रदान किए। यात्रा पर आए विदेश के सरकारी स्वास्थ्य प्रतिनिधियों को दिल्ली के निजी और सरकारी अस्पतालों का दौरा करने का अवसर मिला।

सोमालिया के स्वास्थ्य मंत्री, अली हाजी आदम अबुबकर ने कहा, “हम स्वास्थ्य सेवा के इच्छुक नागरिकों के सामने आने वाली चुनौतियों पर काम करके, सोमालिया और भारत सरकार के बीच संबंधों को और मजबूत करने की आशा कर रहे हैं।“

आर्मेनिया की स्वास्थ्य मंत्री अनाहित अवनेस्यान ने सुव्यवस्थित एएचसीआई शिखर सम्मेलन की प्रशंसा की और कहा कि “आर्मेनिया भारत के साथ स्वास्थ्य सेवाओं में साझेदारी को बढ़ावा देने के प्रति आशान्वित है।“

शाह अब्दुल्ला महिर, स्वास्थ्य राज्य मंत्री, मालदीव सरकार ने कहा कि “मालदीव के नागरिकों ने गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं के लिए भारत को पसंदीदा गंतव्य स्थल के रूप में चुना है, हम बेहतर चिकित्सा यात्रा के लिए भारत के साथ अपने संबंधों को और मजबूत करने की आशा कर रहे हैं।”

शिखर सम्मेलन में, बांग्लादेश के स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्री डॉ. ज़ाहिद मालेक ने चिकित्सा यात्रा के माध्यम से बांग्लादेश के नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवा सुनिश्चित करने के लिए भारत सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया।

चिकित्सा यात्रा के क्षेत्र में भारत की प्रगति की सराहना करते हुए, मिस्र के स्वास्थ्य और जनसंख्या उप मंत्री डॉ. अहमद हुसैन शेहता एलसोबकी ने कहा कि शिखर सम्मेलन भारत और मिस्र के बीच संबंधों को और मजबूत करेगा।

गुरुग्राम के एक अस्पताल का दौरा करते हुए, सुगियांतो, निदेशक, स्वास्थ्य मंत्रालय, इंडोनेशिया ने कहा, “मैं इंडोनेशिया में अपने दोस्तों को सलाह दूंगा कि भारत में उच्चस्तरीय अस्पताल और प्रतिभाशाली डॉक्टर हैं।”

विदेशी गणमान्य व्यक्तियों की ये सकारात्मक प्रतिक्रिया भारत के चिकित्सा यात्रा क्षेत्र की ताकत और भारत के स्वास्थ्य सेवा पेशेवरों द्वारा किफायती लागत पर गुणवत्तापूर्ण देखभाल प्रदान करने की क्षमता को उजागर करती है। भारत गुणवत्ता और मूल्य-आधारित स्वास्थ्य सेवा को बढ़ावा देने के संदर्भ में अंतर्राष्ट्रीय समुदाय के साथ काम करने के लिए प्रतिबद्ध है।

Leave a Comment

Recent Posts

Winter Storm Alert: इस सप्ताह 3 फीट तक बर्फ गिरने और तेज हवाओं की संभावना

अमेरिका के कई राज्यों में विंटर स्टॉर्म का अलर्ट अमेरिका के कई राज्यों में इस… Read More

3 hours ago

CBSE Class 10 Second Board Result 2026: रिजल्ट की संभावित तारीख, लेटेस्ट अपडेट और आगे की तैयारी

CBSE 10वीं सेकेंड बोर्ड रिजल्ट 2026 का इंतजार जल्द हो सकता है खत्म CBSE कक्षा… Read More

3 hours ago

दिल्ली-एनसीआर में भूकंप के तेज झटके, अफगानिस्तान में 6.2 तीव्रता का भूकंप; लोग घरों से बाहर निकले

दिल्ली-एनसीआर में भूकंप के तेज झटके, अफगानिस्तान में 6.2 तीव्रता का भूकंप; लोग घरों से… Read More

1 day ago

This website uses cookies.