भारतीय खेल प्राधिकरण-(SAI) ने भारतीय राष्ट्रीय खेल संघ के लिए दिशा निर्देश जारी किए हैं, जिसमें कहा गया है कि घरेलू और अंतरराष्ट्रीय स्पर्धाओं के लिए यात्रा करने वाली महिला खिलाडियों के दल के साथ महिला कोच अनिवार्य रूप से भेजी जायें।
पिछले सप्ताह एक प्रमुख महिला साइक्लिस्ट ने भारतीय खेल प्राधिकरण साई से की गई शिकायत में राष्ट्रीय कोच आर के शर्मा पर उत्पीडन का आरोप लगाया था। साई ने इस मामले का संज्ञान लेते हुए महिला खिलाडियों के दल को स्लोवेनिया दौरे से वापस बुला लिया था। राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग ने शीर्ष महिला साइक्लिस्ट के साथ कोच के अनुचित व्यवहार की खबर पर केन्द्रीय युवा मामलों और खेल मंत्रालय तथा भारतीय खेल प्राधिकरण को नोटिस जारी किया था।