बिहार में नालंदा जिले के बिहारशरीफ और रोहतास जिले के सासाराम के हिंसा प्रभावित क्षेत्रों में कोई सुधार नहीं हुआ है। सांप्रदायिक झड़पों के बाद से इन क्षेत्रों में तनाव बना हुआ है। इंटरनेट सेवाएं आज लगातार चौथे दिन भी बंद हैं।
प्रभावित क्षेत्रों में धारा 144 के अंतर्गत निषेधाज्ञा लगा दी गई है। स्कूल, कॉलेज, शैक्षणिक संस्थान और व्यापारिक प्रतिष्ठान कल तक के लिए बंद कर दिए गए हैं। अब तक इस मामले में 109 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इन क्षेत्रों में कानून व्यवस्था बनाए रखने में स्थानीय प्रशासन की सहायता के लिए केंद्रीय अर्धसैनिक बलों की चार कंपनियां बिहार पहुंच गई हैं।
पुलिस महानिदेशक आरएस भट्टी ने हिंसा प्रभावित बिहारशरीफ का दौरा किया और स्थिति की समीक्षा की। इस बीच मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने उच्च अधिकारियों के साथ बैठक में राज्य की मौजूदा कानून व्यवस्था की स्थिति की समीक्षा की। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को गड़बड़ी करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने का निर्देश दिया और लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की।