प्रधानमंत्री मोदी चीता परियोजना के अंतर्गत कल नामीबिया से लाए आठ चीतों को मध्य प्रदेश के कुनो राष्ट्रीय उद्यान में छोडेंगे। बड़े मांसाहारी जंगली जानवरों के अंतर-महाद्वीपीय स्थानांतरण की यह विश्व की पहली परियोजना है।
मध्य प्रदेश ही नहीं अब देश के लोगों का चीतों को लेकर इंतज़ार ख़त्म होने जा रहा है। नामीबिया से आ रहे चीतों के कल सुबह ग्वालियर और फिर वहां से कूनो पहुँचने की पूरी सम्भावना है। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भी एक वीडियो सन्देश में चीतों का स्वागत किया है। कूनो नेशनल पार्क में चीतों के स्वागत के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ, केन्द्रीय कृषि और कल्याण मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर, वन और पर्यावरण मंत्री भूपेन्द्र यादव और नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया भी मौजूद रहेंगे। प्रधानमंत्री कूनो में चीता मित्रों और स्कूली बच्चों से भी मिलेंगे। कूनो के बाद प्रधानमंत्री मोदी कराहल में स्व सहायता समूहों की करीब एक लाख महिलाओं के सम्मलेन को संबोधित करेंगे। प्रधानमंत्री कौशल विकास केन्द्रों का शुभारम्भ भी करेंगे।