केन्द्रीय पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेन्द्र यादव ने कहा है कि भारत की जलवायु नीति सतत विकास और गरीबी उन्मूलन की ओर अग्रसर है। उन्होंने कहा कि यह नीति प्रगति को कार्बन उत्सर्जन से अलग कर रही है और सभी क्षेत्रों में ऊर्जा कुशलता सुनिश्चित हो रही है। भूपेन्द्र यादव ने आज नई दिल्ली में रायसीना संवाद में अगले चरण के लिए जलवायु स्मार्ट नीतियां के मुद्दे पर कहा कि 17 सतत विकास लक्ष्य हासिल करने के लिए संयुक्त राष्ट्र महत्वपूर्ण कार्रवाई दशक के महज सात साल बचे हैं।
भूपेन्द्र यादव ने जोर देकर कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में भारत में जलवायु स्मार्ट नीतियां तैयार की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि जलवायु स्मार्ट नीतियां भारतीय जीवन शैली और सतत विकास के अनुरूप हैं। उन्होंने कहा कि यह नीतियां नई हो सकती हैं, लेकिन ये अवधारणा भारतीय मूल्यों में निहित हैं। केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि जी-20 की भारतीय अध्यक्षता की मंशा जलवायु परिवर्तन से निपटने के तौर तरीकों में एकीकरण, व्यापकता और आम सहमति लाना तथा सतत विकास की ओर बढ़ना है।