अधिकांश एग्जिट पोल में गुजरात विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी की प्रचंड जीत की भविष्यवाणी की गई है, जबकि हिमाचल प्रदेश में सत्ताधारी भाजपा और कांग्रेस के बीच कांटे का मुकाबला होने की संभावना व्यक्त की गई है। विभिन्न समाचार चैनलों के एग्जिट पोल के अनुसार गुजरात में भाजपा को 117 से 151 के बीच सीटें मिल सकती हैं। कांग्रेस को 30 से 51 सीटें और आम आदमी पार्टी को दो से 21 सीटें मिलने की संभावना व्यक्त की गई है।
हिमाचल प्रदेश में भाजपा को 24 से 42 और कांग्रेस को 24 से 40 सीटें मिलने का अनुमान व्यक्त किया गया है। आम आदमी पार्टी को दहाई से कम सीटें मिलने की भविष्यवाणी की जा रही है।
गुजरात और हिमाचल प्रदेश में विधानसभा चुनाव और अन्य राज्यों में उपुचनाव के लिए मतगणना बृहस्पतिवार को होगी। हिमाचल प्रदेश विधानसभा की सभी 68 सीटों के लिए 12 नवम्बर को वोट डाले गए थे।