राष्ट्रीय सहारा लिखता है – भारत संक्रमण की तीसरी लहर के मुहाने पर। यूरोप में केस बढ़ने के मिल रहे हैं संकेत।
स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार दुनिया के तीसरी लहर की तरफ तेज़ी से बढ़ने को देखते हुए अगले सौ दिन बहुत अहम – लिखा है दैनिक भास्कर ने।
राजस्थान पत्रिका और राष्ट्रीय सहारा की खबर है – बच्चों के लिए वैक्सीन का परीक्षण अंतिम चरण में। हरिभूमि ने लिखा है – बच्चों की वैक्सीन का ट्रायल जल्द ही होने वाला है पूरा।
जनसत्ता ने भारतीय फोटो पत्रकार दानिश सिद्दीक़ी के कंधार में अफगान सैनिकों और आतंकवादियों के बीच भीषण लड़ाई के दौरान मारे जाने की खबर सुर्खियों में दी है। हिन्दुस्तान ने लिखा है – तालिबान ने अंतर्राष्ट्रीय रेड क्रॉस समिति को शव सौंपा। राजस्थान पत्रिका लिखता है – कैमरे के बहादुर योद्धा को जंग के मैदान में मौत ने दबोचा, शानदार सफर थमा।
महाराष्ट्र में प्रशिक्षण विमान गिरने से पायलेट की मौत की खबर अमर उजाला में है।
हिन्दुस्तान ने कुछ अलग शीर्षक से लिखा है – सोशल मीडिया पर वाक्य के अंत में पूर्ण विराम की जगह इमोजी का इस्तेमाल तेज़ी से बढ़ा है। पत्र लिखता है – भावनाओं के इज़हार में शब्दों से ज्यादा सशक्त बने इमोजी। जापान में 1999 में एक सौ 76 इमोजी का सेट तैयार किया गया था। जानकारी को आसान बनाने के लिए इसे तैयार किया गया था और धीरे-धीरे यह वैश्विक भाषा बनती गई।
दैनिक जागरण ने विशेष शीर्षक से लिखा है – कोरबा में जंगल से जड़ी बूटी एकत्रित कर औषधि बनाने से नाम और पैसा कमा रही हैं महिलाएं, वार्षिक कारोबार 44 लाख रुपये पहुंचा। छत्तीसगढ़ के वन अंचल की महिला समूह ने जीविका कमाने के लिए इकाई लगाई। पत्र लिखता है – वन विभाग ने सहयोग किया, महिलाओं ने लाभ में से किस्तों में सहयोग राशि वापिस की।
मूसलाधार बारिश के बाद मुम्बई की सड़कों में भरे पानी के जमाव की खराब लोकसत्य ने चित्र सहित पहले पन्ने पर दी है।
अख़बारों ने यूरोप में बाढ़ से आई आपदा के चित्र भी साथ ही दिए हैं।