हरियाणा सरकार ने 21 अक्टूबर को प्रदेश के सभी सरकारी और निजी स्कूलों में अवकाश की घोषणा की है। यह फैसला ग्रुप डी की परीक्षा के मद्देनजर लिया गया है। राज्य सरकार ने आज इस संबंध में दोबारा आदेश जारी किए हैं। इससे पहले कल रात जारी आदेशों में केवल 17 जिलों की सूची संलग्न करके अवकाश की घोषणा की थी। जिसे लेकर संशय की स्थिति बन गई थी। आदेशों में यह साफ नहीं था कि जिन स्कूलों में परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं वही स्कूल बंद रहेंगे या आदेश सभी स्कूलों पर लागू होंगे।
हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग द्वारा आयोजित की जा रही ग्रुप डी की परीक्षा के लिए प्रदेश के 17 जिलों में परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इस परीक्षा में कुल 13 लाख 75 हजार परीक्षार्थी भाग ले रहे हैं। आज नए सिरे से जारी आदेशों में साफ किया गया है कि ग्रुप डी की परीक्षा के चलते शनिवार को प्रदेश के सभी सरकारी तथा निजी स्कूल बंद रहेंगे।