श्रीलंका के साथ संयुक्त प्रशिक्षण अभ्यास के लिए भारतीय तटरक्षक जहाज समर्थ और अपतटीय गश्ती जहाज अभिनव कल गाले बंदरगाह पहुंचे। ये जहाज दो मार्च को कोलंबो पहुंचेंगे और वहां से पांच मार्च को रवाना होंगे। इस दौरान भारतीय जहाज श्रीलंकाई तटरक्षकों के लिए कई तरह के प्रशिक्षण अभ्यास आयोजित करेंगे। इनमें अग्निशमन उपाय और क्षति नियंत्रण भी शामिल हैं। इसके अलावा योग, समुद्र तट की सफाई और वॉकथॉन जैसी गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी।
भारतीय तटरक्षक बल और उसकी क्षमता के बारे में जागरूकता बढाने के लिए जहाज स्कूली बच्चों के दौरे के लिए खुले रहेंगे। रक्षा अधिकारियों और नागरिक प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों सहित श्रीलंका के मेहमानों के लिए जहाज पर स्वागत समारोह भी आयोजित किया जाएगा। भारतीय तटरक्षक जहाजों के दौरे से क्षेत्र में समुद्री सुरक्षा चुनौतियों का कुशलतापूर्वक समाधान करने में श्रीलंका तटरक्षक और कर्मियों की क्षमताओं को बढ़ाने में महत्वपूर्ण मदद मिलेगी। भारतीय नौसेना के जहाजों और पनडुब्बियों कोरा, काबरा और करंज ने पिछले कुछ महीनों में कोलंबो का दौरा किया था।