विदेश मंत्री डॉ. सुब्रमण्यम जयशंकर ने आज रायसीना संवाद से अलग विभिन्न देशों के विदेश मंत्रियों के साथ मुलाकात की। डॉ. जयशंकर ने तंजानिया के विदेश मंत्री जैन्युरी मकांबा से भी मुलाकात की।
विदेश मंत्री डॉ. सुब्रमण्यम जयशंकर ने आज रायसीना संवाद से अलग विभिन्न देशों के विदेश मंत्रियों के साथ मुलाकात की। डॉ. जयशंकर ने तंजानिया के विदेश मंत्री जैन्युरी मकांबा से भी मुलाकात की। एक सोशल मीडिया पोस्ट में उन्होंने बताया कि दोनों देशों ने आपसी सहयोग में प्रगति की समीक्षा की। डॉ. एस. जयशंकर ने घाना के विदेश मंत्री शिर्ले अयोरकोर बोचवे के साथ मुलाकात में विकासात्मक साझेदारी सहित विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग पर चर्चा की। उन्होंने पहली बार भारत यात्रा पर आए स्लोवाकिया गणराज्य के विदेश मंत्री जुराज ब्लेनर से भी मुलाकात की। दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय साझेदारी को और मजबूत करने तथा क्षेत्रीय मुद्दों पर चर्चा की।
रायसीना संवाद से अलग डॉ. जयशंकर और फिनलैंड के विदेश मंत्री ने दोनों देशों के बीच रणनीतिक साझेदारी के 75 वर्ष पूरे होने के अवसर पर एक लोगो जारी किया। डॉ. जयशंकर ने संवाद में शामिल होने के लिए स्वीडन, फिनलैंड, डैनमार्क, एस्टोनिया, लातविया के विदेश मंत्रियों और नॉर्वे, आइसलैंड तथा लिथुआनिया के प्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि स्वच्छ और हरित प्रौद्योगिकी, डिजिटल और साइबर सहयोग, उच्च गुणवत्ता वाले कौशल और वैश्विक आपूर्ति श्रृंखला के क्षेत्र में भविष्य में महत्वपूर्ण सहयोग पर चर्चा हुई। क्षेत्रीय, वैश्विक और बहुपक्षीय मुद्दों पर भी उपयोगी वार्ता हुई।
तीन दिवसीय रायसीना संवाद के नौवें संस्करण की शुरुआत कल हुई। इसमें सौ से अधिक देशों के प्रतिनिधि भाग ले रहे हैं।
