रूस और एस्टोनिया ने एक दूसरे के राजदूतों को निष्कासित कर दिया है। दोनों देशों ने कहा है कि अब उनके राजनयिक मिशनों का नेतृत्व प्रभारी दूत करेंगे। रूसी विदेश मंत्रालय ने एस्टोनिया के राजदूत मार्गस लेद्रे को बुलाकर 7 फरवरी तक देश छोड़ने का आदेश दिया है। मंत्रालय ने कहा कि एस्टोनिया के राजनयिक मिशन का प्रतिनिधित्व अब मॉस्को में उनके प्रभारी दूत को करना होगा। रूस ने कहा है कि तालिन में रूसी दूतावास का आकार घटाने के एस्टोनिया के अमित्रतापूर्ण निर्णय के जवाब में यह कदम उठाया गया है। इसके जवाब में, एस्टोनिया के विदेश मंत्री उर्मस रिंसालु ने कहा कि बराबरी के सिद्धातों के अनुसार रूसी राजदूत को अगले महीने की 7 तारीख तक देश छोड़ने का आदेश दिया गया है।
इससे पहले इस महीने की शुरुआत में एस्टोनिया के विदेश मंत्रालय ने रूस को दूतावास के कर्मचारियों की संख्या घटाने के लिए कहा था। एक फरवरी से दूतावास में आठ राजनयिकों और 15 प्रशासनिक, तकनीकी तथा सेवा संबंधी कर्मचारियों को रखे जाने की बात कही गई थी ताकि दूतावासों में कर्मचारियों की संख्या बराबर हो। रूस यूक्रेन संघर्ष आरंभ होने के बाद से एस्टोनिया ने रूस के साथ द्विपक्षीय संबंधों को न्यूनतम स्तर पर ला दिया। वहीं रूस के विदेश मंत्रालय ने कहा कि एस्टोनिया के नेतृत्व ने रूस के साथ संबंधों के संपूर्ण दायरे को विशेष उद्देश्य के अंतर्गत नष्ट किया है।