मौसम विभाग ने शुक्रवार तक देश के विभिन्न क्षेत्रों में मूसलाधार बारिश की चेतावनी दी है।
मौसम विभाग के वरिष्ठ वैज्ञानिक आर के जेनामणि ने बताया कि उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। उत्तराखंड में अगले तीन दिन के लिए राज्य के सभी जिलों में भारी वर्षा तथा बिजली गिरने का येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने चमोली, रूद्रप्रयाग, बागेश्वर, चंपावत और नैनीताल जिलों में तेज वर्षा का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
उधर, केरल के मध्य और उत्तरी जिलों सहित कई हिस्सों में भारी बारिश हो रही है। मलप्पुरम जिले के चलियार नदी और उसकी पांच सहायक नदियों में जल स्तर बढ़ रहा है। जिला अधिकारियों ने लोगों को निचले इलाकों में जल भराव और भूस्खलन की आशंका से सचेत रहने को कहा है।
तेलंगाना के कई जिलों में लगातार बारिश से सामान्य जनजीवन प्रभावित हुआ है। कई निचले इलाकों में पानी भर गया है जबकि तालाबों और नदियों में उफान के कारण कई स्थानों पर सडक यातायात बंद हो गया है।
आज के लिए गोवा, तटीय कर्नाटक, दक्षिण कोंकण, मध्य महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में तेज से बहुत तेज बारिश का रेड अलर्ट जारी किया गया है। महाराष्ट्र के रायगढ़, पुणे, सतारा और रत्नागिरी जिलों के लिए ‘रेड’ अलर्ट और मुंबई, पालघर और ठाणे के लिए ‘ऑरेंज’ अलर्ट जारी किया गया है।
