महाराष्ट्र में मुंबई सहित कई हिस्सों में पिछले 24 घंटे से लगातार वर्षा जारी

महाराष्ट्र में मुम्बई सहित कई हिस्सों में पिछले 24 घंटे से लगातार वर्षा हो रही है। कई इलाकों में बाढ आने से जान-माल और कृषि को काफी नुकसान हुआ। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों में कई इलाकों में बहुत अधिक वर्षा का अनुमान व्यक्त किया है। राज्य सरकार ने वर्षा से प्रभावित जिलों के प्रशासन को सतर्क रहने और स्थिति पर कडी नजर रखने को कहा है ताकि जान-माल का कम से कम नुकसान हो।

राज्य के जल संसाधन मंत्री जयन्त पाटिल ने कहा है कि मराठवाडा में प्रभावित लोगों को राहत पहुंचाई गई है। अत्यधिक पानी को छोडने के लिए राज्य के कई बांधों के द्वार खोल दिए गए हैं। धुले जिले में अक्कलपाडा बांध का पानी पंजीरा नदी में छोडा गया है। तापी और बोरी जैसी प्रमुख नदियां ऊफान पर हैं।

मराठवाडा संभाग में बाढ की स्थिति को देखते हुए संयुक्त प्रवेश परीक्षा सीईटी को स्थगित कर दिया गया है। राज्य के उच्चतर शिक्षामंत्री उदय सामन्त ने कहा है कि परीक्षा की नई तिथियां जल्दी ही घोषित की जाएंगी।

Related posts

Leave a Comment