भाजपा ने दिल्ली सरकार की नई आबकारी नीति के खिलाफ आज राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में विरोध प्रदर्शन किया। पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने अक्षरधाम मंदिर, महरौली, चांदनी चौक और अन्य जगहों पर प्रदर्शन किया। पार्टी प्रदेश अध्यक्ष आदेश गुप्ता और सांसद रमेश बिधूड़ी भी विरोध प्रदर्शन में शामिल हुए। पत्रकारों से बातचीत में आदेश गुप्ता ने आरोप लगाया कि दिल्ली सरकार अपनी नई आबकारी नीति के तहत आवासीय और धार्मिक स्थलों के आसपास अवैध रूप से शराब की दुकानें खोल रही है। उन्होंने कहा कि सरकार की इस नीति को वापस लिए जाने तक पार्टी अपना विरोध जारी रखेगी।
इस बीच, दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने भारतीय जनता पार्टी पर आरोप लगाते हुए कहा है कि भाजपा इस नीति का विरोध इसलिए कर रही है क्योंकि केजरीवाल सरकार ने शहर में 35 हजार करोड़ रुपये की चोरी रोकी है।