बिहार में विशेष जांच दल जहरीली शराब मामले की जांच करेगा। राज्य के गोपालगंज और पश्चिम चम्पारण जिलों में मंगलवार को जहरीली शराब पीने से कई लोगों की मौत हो गई थी। मद्य निषेध मंत्री सुनील कुमार ने कहा कि दोषियों को सजा दी जाएगी। इस मामले में मरने वालों की संख्या 35 हो गई है। 17 लोगों की मौत गोपालगंज में और 16 की पश्चिम चम्पारण के बेतिया में हुई।
गोपालगंज के पुलिस अधीक्षक आनन्द कुमार ने आकाशवाणी को बताया कि इस सिलसिले में 19 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। गोपालगंज के मोहम्मदपुर पुलिस थाने और पश्चिम चम्पारण के नौतन पुलिस थाने के थाना प्रभारी को निलम्बित कर दिया गया है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि मामले की पूरी जांच की जाएगी।