प्रवर्तन निदेशालय ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को कथित शराब घोटाला मामले में गिरफ्तार किया है। निदेशालय ने अरविंद केजरीवाल को कल रात उनके दिल्ली स्थित आवास से गिरफ्तार किया। सर्वोच्च न्यायालय आज अरविंद केजरीवाल की जमानत याचिका पर सुनवाई कर सकता है।
प्रवर्तन निदेशालय ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को एजेंसी के समक्ष पेश होने के लिए नौ समन भेजे थे। हालांकि अरविंद केजरीवाल ने सभी समन को गैर कानूनी और राजनीति से प्रेरित बताया तथा वे एजेंसी के सामने पेश नहीं हुए। इस बीच, आम आदमी पार्टी ने अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी को निरस्त कराने तथा मामले की तत्काल सुनवाई के लिए सर्वोच्च न्यायालय का दरवाजा खटखटाया है। भारतीय जनता पार्टी के नेता रवि शंकर प्रसाद ने कहा कि यह कानूनी प्रक्रिया है और यह कार्रवाई भ्रष्टाचार के खिलाफ की जा रही है। उन्होंने कहा कि कानून अपना काम करेगा।