प्रधानमंत्री मोदी ने UAE के राष्‍ट्रपति शेख-मोहम्‍मद-बिन-जायेद-अल नहयान के साथ द्विपक्षीय वार्ता की

प्रधानमंत्री मोदी ने UAE के राष्‍ट्रपति शेख-मोहम्‍मद-बिन-जायेद-अल नहयान के साथ द्विपक्षीय वार्ता की

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज अबुधाबी में संयुक्‍त अरब अमीरात के राष्‍ट्रपति शेख-मोहम्‍मद-बिन-जायेद-अल नहयान के साथ द्विपक्षीय वार्ता की। दोनों नेताओं ने भारत-संयुक्‍त अरब अमीरात की कार्यनीतिक-भागीदारी को अधिक मजबूत बनाने और उसमें विविधता लाने का संकल्‍प दोहराया।

इससे पहले, प्रधानमंत्री मोदी जर्मनी में जी-7 सम्‍मेलन में हिस्‍सा लेने के बाद आज तीसरे पहर संयुक्‍त अरब अमीरात की राजधानी अबुधाबी पहुंचे। यूएई के राष्‍ट्रपति ने हवाई अड्डे पर उनकी अगवानी की। उन्‍होंने कहा कि अबुधाबी हवाई अड्डे पर शेख-मोहम्‍मद-बिन-जायेद-अल नहयान ने जिस गर्मजोशी से उनका स्‍वागत किया उससे वे अत्‍यंत प्रभावित हुए हैं।

प्रधानमंत्री मोदी ने शेख खलीफा-बिन-जायेद-अल-नहयान की पिछले महीने मृत्‍यु हो जाने पर राष्‍ट्रपति शेख-मोहम्‍मद-बिन-जायेद-अल नहयान और शाही परिवार के सदस्‍यों के प्रति व्‍यक्तिगत रूप से संवेदना व्‍यक्‍त की। उन्‍होंने शेख-मोहम्‍मद-बिन-जायेद-अल नहयान को संयुक्‍त अरब अमीरात का तीसरा राष्‍ट्रपति चुने जाने और अबुधाबी का शासक बनने पर बधाई दी।

इससे पहले, एक ट्वीट में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि उनकी जर्मनी यात्रा लाभदायक रही है जिसमें उन्‍होंने जी-7 सम्‍मेलन में हिस्‍सा लिया, विश्‍व के कई नेताओं से बातचीत की और म्‍युनिख में यादगार सामुदायिक कार्यक्रम में हिस्‍सा लिया। उन्‍होंने कहा कि समूह के नेताओं ने विश्‍व में शांति औ समृद्धि बढाने के उद्देश्‍य से कई महत्‍वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की।

प्रधानमंत्री अबुधाबी से दिल्‍ली के लिए रवाना हो गए हैं।

Related posts

Leave a Comment