प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भजन लाल शर्मा को राजस्थान के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने पर बधाई दी है। उन्होंने दीया कुमारी और प्रेमचंद बैरवा को राज्य के उप मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने पर बधाई दी।
प्रधानमंत्री ने एक्स (सोशल नेटवर्किंग साइट) पर पोस्ट कियाः “राजस्थान के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने वाले भजन लाल शर्मा जी के साथ ही उप मुख्यमंत्री दीया कुमारी जी और प्रेमचंद बैरवा जी को बहुत-बहुत बधाई! मुझे विश्वास है कि वीर-वीरांगनाओं का यह प्रदेश आपके नेतृत्व में सुशासन, समृद्धि और विकास के नित-नए मानदंड स्थापित करेगा। यहां के मेरे परिवारजनों ने जिस भरोसे और उम्मीद के साथ हमें भरपूर आशीर्वाद दिया है, उस पर खरा उतरने के लिए भाजपा सरकार जी-जान से जुटी रहेगी।”
भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता भजन लाल शर्मा ने आज जयपुर में राजस्थान के मुख्यमंत्री का पदभार संभाला। राज्यपाल कलराज मिश्र ने जयपुर के अल्बर्ट हॉल के समक्ष आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। भाजपा नेता दीया कुमारी और प्रेमचंद बैरवा ने उप-मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली।