प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज सवेरे ग्यारह बजे वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से रिज़र्व बैंक के दो नए ग्राहक केन्द्रित कार्यक्रमों – आर.बी.आई. खुदरा प्रत्यक्ष योजना और रिज़र्व बैंक-एकीकृत लोकपाल योजना का शुभारंभ करेंगे। हमारे संवाददाता ने बताया है कि वित्त मंत्री निर्मला सीतारामन और आर.बी.आई. गवर्नर शक्तिकांत दास भी इस अवसर पर उपस्थित रहेंगे।
भारतीय रिजर्व बैंक-आरबीआई खुदरा प्रत्यक्ष योजना का उद्देश्य है कि सरकारी प्रतिभूति बाजार में खुदरा निवेशकों की पहुंच बढ़ाई जाए। इसके तहत खुदरा निवेशकों के लिए भारत सरकार और राज्य सरकारों द्वारा जारी प्रतिभूतियों में सीधे निवेश करने का रास्ता खुल जाएगा। निवेशक ऑनलाइन सरकारी प्रतिभूति खाते आसानी से खोल सकते हैं और उन प्रतिभूतिओं का रख-रखाव कर सकते हैं, यह सेवा नि:शुल्क होगी। भारतीय रिज़र्व बैंक एकीकृत लोकपाल योजना का उद्देश्य है कि शिकायतों को दूर करने वाली प्रणाली में और सुधार लाया जाए। इस योजना की केंद्रीय विषय वस्तु एक राष्ट्र-एक लोकपाल की अवधारणा पर आधारित है। इसके तहत एक पोर्टल, एक ईमेल और एक पता होगा जहां ग्राहक अपनी शिकायत दर्ज कर सकते हैं, दस्तावेज़ जमा कर सकते हैं, अपनी शिकायतों, दस्तावेजों की स्थिति जान सकते हैं और फीडबैक भी दे सकते हैं। एक बहुभाषी टोल-फ्री नंबर की भी व्यवस्था की गई है, जिससे शिकायतों के बारे में सभी जरूरी जानकारी प्राप्त होगी।