प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज बेंगलुरु मेट्रो की व्हाइटफील्ड (काडुगोडी) से कृष्णाराजपुरा मेट्रो लाइन का उद्घाटन किया। नई मेट्रो लाईन का उद्घाटन करने के बाद उन्होंने इसमें सवारी भी की।
प्रधानमंत्री कार्यालय ने अपने ट्वीट में बताया: “प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी बेंगलुरु मेट्रो में सवार हैं, विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े लोगों के साथ बातचीत कर रहे हैं।”
व्हाइटफील्ड (काडुगोडी) मेट्रो स्टेशन पहुंचने पर प्रधानमंत्री ने सबसे पहले टिकट काउंटर से टिकट खरीदा और फिर इस अवसर पर लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन लिया। इसके पश्चात प्रधानमंत्री ने व्हाइटफील्ड मेट्रो लाइन के उद्घाटन को चिह्नित करने के लिए लगाई गई पट्टिका का अनावरण किया और मेट्रो में सवारी करने के लिए प्लेटफॉर्म पहुँचे। अपनी यात्रा के दौरान उन्होंने बेंगलुरु मेट्रो कर्मियों और स्टाफ से बातचीत की।
प्रधानमंत्री के साथ कर्नाटक के राज्यपाल थावर चंद गहलोत और कर्नाटक के मुख्यमंत्री बासवराज बोम्मई भी थे।