प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने न्यूयॉर्क में टेस्ला और स्पेसएक्स के CEO एलोन मस्क से मुलाकात की

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने न्यूयॉर्क में टेस्ला और स्पेसएक्स के CEO एलोन मस्क से मुलाकात की

अमरीका यात्रा पर गए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज न्‍यूयॉर्क में संयुक्‍त राष्‍ट्र मुख्‍यालय में आयोजित अंतरराष्‍ट्रीय योग दिवस का नेतृत्‍व करेंगे। प्रधानमंत्री मोदी अमेरिका और मिस्र की पांच दिन यात्रा के पहले चरण में कल रात न्यूयॉर्क पहुंचे।

न्यूयॉर्क हवाई अड्डे पर पहुंचने पर प्रधानमंत्री का भारतीय समुदाय के लोगों ने नारों के साथ भव्य स्वागत किया। प्रवासी भारतीयों ने होटल पहुंचने पर भी ‘वंदे मातरम’ और ‘भारत माता की जय’ के उदघोष के साथ उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। कई लोगों ने प्रधानमंत्री से बातचीत की और प्रधानमंत्री से ऑटोग्राफ मांगा।

प्रधानमंत्री मोदी टैसला मोटर के मुख्‍य कार्यकारी अधिकारी एलन मस्‍क से भी मिले। एलन मस्‍क ने कहा कि वह भारत के भविष्‍य को लेकर उत्‍सुक हैं और कहा कि भारत में दुनिया के किसी भी अन्‍य बडे देश से अधिक संभावनाएं हैं। उन्‍होंने कहा कि वह प्रधानमंत्री मोदी के प्रशंसक हैं और उनकी अगले वर्ष भारत यात्रा पर जाने की योजना है। प्रधानमंत्री ने जाने-माने अर्थ शास्‍त्री और नोबल पुरस्‍कार विजेता प्रोफेसर पॉल रोमर के साथ भी विचारों का आदान-प्रदान किया। उन्‍होंने आधार और डिजिलॉकर जैसी योजनाओं सहित भारत की समूची डिजिटल यात्रा के बारे में चर्चा की। बातचीत में शहरी विकास के लिए उठाए जा रहे विभिन्‍न कदमों का भी उल्‍लेख किया गया।प्रधानमंत्री ने तारा-भौतिकविद् लेखक और विज्ञान प्रसारक नील डी ग्रासे टाइसन से भी मुलाकात की।उन्‍होंने युवाओं में वैज्ञानिक प्रवृत्ति को बढाने के बारे में बातचीत की। दोनों ने अंतरिक्ष क्षेत्र में भारत की प्रगति और भारत के विभिन्‍न अंतरिक्ष मिशनों के बारे में भी चर्चा की।

प्रधानमंत्री ने अमरीका के कृषि, विपणन, इंजीनियरिंग, स्‍वास्‍थ्‍य, विज्ञान और प्रौद्योगिकी जैसे क्षेत्रों के जाने-माने शिक्षाविदो के साथ भी बातचीत की उनकी बातचीत में भारत की नई शिक्षा नीति के तहत अनुसंधान के क्षेत्र में सहयोग और शैक्षिणक आदान-प्रदान की संभावनाओं को बढाने पर जोर दिया गया। शिक्षाविदो ने अपनी अपनी विशेषज्ञता के क्षेत्रों में अपने दृष्टिकोण और अनुभव को साझा किया।

प्रधानमंत्री मोदी का कल वाशिंग्‍टन में व्‍हाइट हाउस में पारम्‍परिक स्‍वागत किया जाएगा। जहां वे राष्‍ट्रपति बाइडन के साथ उच्‍चस्‍तरीय संवाद करेंगे। अमरीकी राष्‍ट्रपति और प्रथम महिला शाम को प्रधानमंत्री के सम्‍मान में रात्रिभोज का आयोजन करेंगी। प्रधानमंत्री अमरीकी कांग्रेस के संयुक्‍त सत्र को संबोधित करेंगे। अमरीकी उपराष्‍ट्रपति कमला हैरिस और विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन शुक्रवार को प्रधानमंत्री के सम्‍मान में दोपहर भोज का आयोजन करेंगी।

Related posts

Leave a Comment