पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने अमरीका की ऊर्जा मंत्री जेनिफर ग्रैनहोम के साथ वर्चुअल मंत्रिस्तरीय बैठक की सह-अध्यक्षता की। इसमें संशोधित भारत-अमरीकी कार्यनीतिक स्वच्छ ऊर्जा साझेदारी कार्यक्रम शुरू किया गया। इस साल अप्रैल में पर्यावरण पर आयोजित नेताओं की बैठक में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और अमरीका के राष्ट्रपति जो बाइडेन ने भारत-अमरीकी पर्यावरण और स्वच्छ ऊर्जा एजेंडा 2030 की घोषणा की थी।
यह साझेदारी दोनों देशों के बीच बिजली और ऊर्जा दक्षता, तेल और गैस का जिम्मेदारीपूर्ण उपयोग, नवीकरणीय ऊर्जा, सतत विकास और ईंधन के उभरते स्रोत जैसे सहयोग के पांच स्तंभों पर आधारित है।
अमरीका की ऊर्जा मंत्री ने 2030 तक भारत के 450 गीगा वाट के अक्षय ऊर्जा के लक्ष्य की सराहना की और इसे प्राप्त करने में सहयोग की पेशकश की।
दोनों पक्षों ने गैस कार्य बल का नाम बदल कर भारत-अमरीका उत्सर्जन रहित गैस कार्यबल करने की भी घोषणा की। यह भारत की गैस आधारित अर्थव्यवस्था की परिकल्पना में अमरीकी और भारतीय कंपनियों के बीच नवीन परियोजनाओं पर सहयोग जारी रखेगी।