दुबई में अगले महीने की पहली तारीख से शुरू होने वाले एक्सपो-2020 में भारतीय पैवेलियन में कोरोना काल के बाद भारत की पांच ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने की दिशा में बढते कदमों को प्रदर्शित किया जाएगा।
इस पैवेलियन में न केवल भारत की जीवंत संस्कृति और उसके अतीत को, बल्कि घरेलू तथा विदेशी निवेशकों के लिए वैश्विक आर्थिक केंद्र के रूप में उपलब्ध क्षमताओं और अवसरों को भी प्रदर्शित किया जाएगा।
मार्च 2022 तक छह महीने चलने वाले एक्सपो-2020 दुबई में भारत की भागीदारी के बारे में वाणिज्य सचिव बी०वी०आर० सुब्रह्मण्यम ने कहा कि भारतीय पैवेलियन में देश के कई राज्यों की भागीदारी होगी जो अपनी संस्कृति, परम्परा और व्यवसाय की अपार सम्भावनाओं का प्रदर्शन करेंगे।
बी०वी०आर० सुब्रमण्यम ने कहा कि एक्सपो-2020 दुबई में भारत पैवेलियन में देश की ऐसी छवि को प्रदर्शित किया जाएगा जो अवसर, गतिशीलता और स्थिरता के साथ विश्व का नेतृत्व करने को तैयार है।
भारत की आजादी के 75वें वर्ष के उपलक्ष में इस पैवेलियन में प्रधानमंत्री द्वारा शुरू किए गए अमृत महोत्सव के रूप में कई गतिविधियों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से दुनिया के सामने नये भारत को प्रतिबिम्बित करेगा।
पैवेलियन में आगंतुकों को कई सांस्कृतिक कार्यक्रमों और भारतीय त्योहारों को जानने तथा भारतीय व्यंजनों के स्वाद का आनंद लेने का भी अवसर मिलेगा।