तमिलनाडु में तेनपेन्नेयार नदी के आसपास स्थित पांच उत्तरी जिलों में बाढ़ का अलर्ट जारी कर दिया गया है।
कृष्णगिरी बांध के जलागम क्षेत्र में पिछले कुछ दिनों से लगातार बारिश हो रही है। इस कारण कृष्णगिरी बांध खतरे के निशान के करीब है। बांध का जलस्तर 52 फीट की अधिकतम ऊंचाई तक पहुंच चुका है। अतिरिक्त जल को तेनपेन्नेयार नदी में छोड़ा जा रहा है, जो कृष्णगिरी के अलावा धर्मपुरी, तिरुवन्नामलई, विलुप्पुरम और कडलूर जैसे अन्य चार जिलों को पार करेगा। जिलाधिकारियों को नदी के पास रहने वाले लोगों के लिए बाढ़ अलर्ट जारी करने को कहा गया है। कृष्णगिरी के एक अन्य बांध केलवरप्पल्ली जलाशय भी तेजी से भर रहा है। इस दौरान आंध्र प्रदेश से लगे तिरुप्पत्तूर जिले में पालर नदी में बाढ़ आने के कारण जिले के आंबूर और गुडियाथ्थम के दो मुख्य शहरों से जुड़ने वाला मुख्य मार्ग से संपर्क टूट गया है। कावेरी नदी के जलागम क्षेत्रों में बारिश के कारण मेट्टूर के स्टेनले जलाशय का जलस्तर बढ़ने से डेल्टा के किसान खुश हैं।